Smuggling

कोलकाता: DRI ने बस से 3.31 करोड़ रुपए मूल्य का सोना, चांदी व गांजा किया जब्त

पकड़े गए लोगों के पास से 8 किलोग्राम सोना, 74 किलो ग्राम वजन के चांदी के गहने एवं 3 किलोग्राम गांजा मिला।  जब्त सोने की कीमत 2 करोड़ 71 लाख 60 हजार रुपए है।

 

कोलकाता

खुफिया राजस्व निदेशालय (डीआरआइ) Directorate of Revenue Intelligence (DRI) ने सिलीगुड़ी से कोलकाता आ रही एक बस से 3.31 करोड़ रुपए मूल्य का सोना, चांदी व गांजा की बड़ी खेप जब्त किया है। इस सिलसिले में चार तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

डीआरआई सूत्रों के अनुसार खुफिया सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर छापेमारी कर हुगली जिले के डानकूनी टोल प्लाज के नजदीक छापेमारी कर उक्त सभी को गिरफ्तार किया गया।

पकड़े गए लोगों के पास से 8 किलोग्राम सोना, 74 किलो ग्राम वजन के चांदी के गहने एवं 3 किलोग्राम गांजा मिला। गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। जब्त सोने की कीमत 2 करोड़ 71 लाख 60 हजार रुपए है। पकड़े गए चांदी के जेवरातों की कीमत 59 लाख रुपए बताई जा रही है। साथ में 31 हजार नकद भी जब्त किए गए हैं। कुल 3.31 करोड़ रुपए का तस्करी का सामान जब्त किया गया है।

सोना तस्करी में पकड़े गए लोगों में से दो साल्टलेक एवं बांगुर एवेन्यू के निवासी बताए जा रहे हैं। ये दोनों गोरखधंधे के मास्टरमाइंड हैं। बाकी दो कुरियर हैं। प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि सोना भूटान से खरीदा गया था। तस्करों ने कुरियरों को प्रति किलोग्राम 6 हजार रुपए देने का वादा किया था। ये लोग पिछले 5 साल से इस गोरखधंधे में लिप्त हैं। इन पांच सालों में इनलोगों ने विभिन्न देशों से लगभग 360 किलोग्राम सोने की तस्करी की है, जिसकी कीमत लगभग 108 करोड़ रुपए है।

डीआरआई के अधिकारियों के अनुसार भारत में नेपाल, भूटान, म्यांमार, बांग्लादेश एवं चीन से सोने की तस्करी की जा रही है। चालू वित्त वर्ष में डीआरआई ने पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम से 49.81 किलोग्राम सोना जब्त किया है। पिछले वित्त वर्ष में डीआरआई ने 464 किलोग्राम सोना जब्त किया था, जिसकी कीमत 145.69 करोड़ रुपए थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button